बिलासपुर। स्वाइन फ्लू से गंभीर रूप से संक्रमित 54 वर्षीय मरीज को बेहतर इलाज के लिए गुरुवार को एयर एंबुलेंस से हैदराबाद भेजा गया। मरीज की जान बचाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने मूसलाधार बारिश के बीच सराहनीय तत्परता दिखाते हुए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया और एंबुलेंस को बिना किसी रुकावट के चकरभाठा एयरपोर्ट तक सुरक्षित पहुंचाया।


एसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई। मरीज के परिजनों के अनुरोध और उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कंट्रोल रूम से मार्ग में आने वाले सभी प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थायी रूप से बंद कराया गया।


बारिश के बावजूद यातायात पुलिस के जवान हर प्रमुख चौक-चौराहे पर तैनात रहे, ताकि एंबुलेंस को कहीं भी रुकना न पड़े और मरीज को समय पर एयरपोर्ट पहुंचाया जा सके।


डॉक्टरों के अनुसार, मरीज दोनों फेफड़ों में निमोनिया, स्वाइन फ्लू, श्वसन विफलता (रेस्पिरेटरी फेल्योर) और हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित है। उसकी हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे नॉन-इनवेसिव वेंटिलेशन (NIV) सपोर्ट पर रखा गया था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के चलते मरीज को समय पर एयर एंबुलेंस तक पहुंचाया गया, जिससे उसे उन्नत उपचार के लिए हैदराबाद रवाना किया जा सका।