महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक लग्जरी JETTA कार के गुप्त (सीक्रेट) चेंबर में छिपाकर ले जाए जा रहे 37.940 किलोग्राम गांजा को बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान बिहार निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजा, कार और मोबाइल फोन समेत 25.02 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

ओडिशा से रायपुर लाई जा रही थी गांजे की खेप

पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिली कि MH 02 CD 3140 नंबर की JETTA कार में ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आया जा रहा है।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा तस्कर

सूचना मिलते ही पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची, जिसे रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपनी पहचान श्रवण यादव (39) निवासी अमाव, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में बताई। पुलिस के सवालों का वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

डिक्की में बने सीक्रेट चेंबर से मिला गांजा

तलाशी के दौरान पुलिस ने कार की डिक्की में बनाए गए गुप्त चेंबर से 18 पैकेटों में रखा 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह खेप ओडिशा के मदन रामपुर से लेकर रायपुर में खपाने जा रहा था, लेकिन महासमुंद जिले की सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।

25 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18.97 लाख रुपये मूल्य का गांजा, 6 लाख रुपये कीमत की JETTA कार और 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 25.02 लाख रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आरोपी की पहचान

गिरफ्तार आरोपी श्रवण यादव (39 वर्ष) निवासी अमाव, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) का रहने वाला है।