रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति आपको *21 से शुरू होने वाले किसी नंबर पर कॉल करने के लिए कहे, तो बिना जांच-पड़ताल ऐसा बिल्कुल न करें।

फोन कॉल के जरिए ठगी की कोशिश
पंकज झा ने बताया कि उनके पास एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने दावा किया कि उनके नाम से एक कूरियर आया है, लेकिन पता नहीं मिलने के कारण वह डिलीवरी नहीं कर पा रहा है। इसके बाद उसने एक नंबर पर कॉल करने के लिए कहा।
उन्होंने बताया कि पहले तो वे उस नंबर पर कॉल करने वाले थे, लेकिन ध्यान से देखने पर पाया कि नंबर *21 से शुरू हो रहा था और अंत में # लगा हुआ था।
कैसे हो सकती है ठगी?
पंकज झा के अनुसार, ऐसे नंबर पर डायल करने से आपके मोबाइल की कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय हो सकती है। इसके बाद आपके फोन पर आने वाली कॉल्स दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड हो सकती हैं, जिसका दुरुपयोग साइबर ठग कर सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऐसे कोड या नंबर डायल न करें और पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
सतर्क रहने की अपील
पंकज झा ने कहा कि यदि किसी को अपने फोन में कॉल फॉरवर्डिंग की आशंका हो, तो उसकी जांच कर उसे तुरंत बंद कर देना चाहिए। उन्होंने लोगों से साइबर ठगी के नए तरीकों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर भरोसा न करने की अपील की।





