लोरमी। मुंगेली जिले की चिल्फी थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन बाज' के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए कपड़ा दुकान से लाखों रुपये की चोरी करने वाले कर्मचारी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी पिछले चार वर्षों से दुकान में कार्यरत था और मालिक के भरोसे का फायदा उठाकर लंबे समय से गल्ले से रकम निकालता रहा।
दुकान संचालक की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कर्मचारी की संदिग्ध गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
प्रारंभिक जांच में करीब 1.50 से 2 लाख रुपये की चोरी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
चिल्फी पुलिस का कहना है कि 'ऑपरेशन बाज' के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।




