बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर चोरी की कोशिश करने वाले पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपित रात के अंधेरे में गैंती और टंगिया की मदद से बैंक की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे थे, लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सभी को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से बैंक से चोरी किया गया स्टेबलाइजर और राउटर, वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें, तथा बैंक की दीवार, लॉकर और एटीएम तोड़ने के लिए इस्तेमाल किए गए गैंती और टंगिया बरामद किए गए हैं। आरोपितों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
6 जुलाई को दर्ज हुई थी शिकायत
डीएसपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि बेलतरा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक ने 6 जुलाई को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई की शाम बैंक बंद कर कर्मचारी घर चले गए थे। अगले दिन सुबह बैंक खुलने पर पीछे की दीवार टूटी हुई मिली।
जांच के दौरान बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्धों की गतिविधियां कैद मिलीं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह का संबंध अन्य चोरी और बैंक सेंधमारी की घटनाओं से तो नहीं है।




