रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्री नारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें बस्तर रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब वर्तमान बस्तर आईजी सुंदरराज पी. को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में आईजी पद पर नियुक्त किया गया है। बद्री नारायण मीणा 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और इससे पहले विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2022 में उन्हें बिलासपुर रेंज का आईजी बनाया गया था।
सरकार के इस फैसले के बाद बस्तर रेंज में पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है। माना जा रहा है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल विरोधी अभियानों को लेकर नई रणनीति के साथ कार्य किया जाएगा। वहीं, सुंदरराज पी. के एनआईए में जाने के बाद बस्तर रेंज के लिए नए आईजी की नियुक्ति लंबे समय से अपेक्षित थी।





