अंबिकापुर। उत्तर छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने वाली बहुप्रतीक्षित अंबिकापुर-गढ़वा रोड नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार से महत्वपूर्ण मंजूरी मिल गई है। रेल मंत्रालय ने इस परियोजना को विशेष परियोजना का दर्जा देते हुए अधिसूचना जारी कर दी है, जिससे इसके क्रियान्वयन का मार्ग और अधिक सुगम हो गया है।
इस परियोजना के तहत अंबिकापुर से गढ़वा रोड तक नई रेल लाइन बिछाई जाएगी, जिसमें रामानुजगंज से बरवाडीह तक एक शाखा लाइन भी शामिल होगी। प्रस्तावित रेल मार्ग की कुल लंबाई लगभग 262 किलोमीटर होगी। इससे छत्तीसगढ़, झारखंड और आसपास के क्षेत्रों के बीच यातायात एवं व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
लंबे समय से इस रेल परियोजना की मांग की जा रही थी। परियोजना पूरी होने के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों को रेल यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिलेंगे और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही माल परिवहन, औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों के सृजन में मदद मिलने की संभावना है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, परियोजना को राष्ट्रीय अवसंरचना विकास और जनहित को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
इस रेल लाइन के निर्माण से अंबिकापुर, रामानुजगंज, गढ़वा और बरवाडीह क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी।





