रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बुजुर्ग दंपती के जले हुए शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोन्धा गांव का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच के बीच ग्रामीणों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से घरघोड़ा क्षेत्र के औरामुड़ा गांव निवासी मंगलू राम राठिया अपनी पत्नी पुनई बाई राठिया के साथ खेती-किसानी के सिलसिले में क्रोन्धा गांव आए हुए थे। मंगलवार देर रात उनके मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की असल वजह सामने आ सके।

ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका

ग्रामीणों का दावा है कि मामला महज आग लगने का नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का हो सकता है। उनका कहना है कि जमीन विवाद के चलते पहले दंपती की हत्या की गई और बाद में सबूत मिटाने के उद्देश्य से मकान में आग लगा दी गई। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है और सभी बिंदुओं पर जांच जारी होने की बात कही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हादसे और साजिश, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।