रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में महिला थाना क्षेत्र स्थित कांग्रेस के निर्माणाधीन भवन में 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भीख मांगकर और कचरा बीनकर जीवनयापन करने वाली नाबालिग के साथ आरोपी ने लगातार दो दिन दुष्कर्म किया। तीसरे दिन जब उसने फिर से वारदात का प्रयास किया, तो पीड़िता के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, दरोगापारा रोड स्थित कांग्रेस का निर्माणाधीन भवन लंबे समय से अधूरा और खुला पड़ा है। यहां कचरा बीनने वाले और बेघर लोग अस्थायी रूप से ठहरते हैं। पीड़िता भी अपनी मां के साथ अक्सर इसी भवन में रहती थी। कभी-कभी उसकी मां जूटमिल स्थित घर चली जाती थी, जबकि किशोरी वहीं रुक जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, दरोगापारा निवासी लब्बू उर्फ विजय सारथी (34) की पत्नी भी कचरा बीनने का काम करती है। इसी कारण आरोपी का निर्माणाधीन भवन में लगातार आना-जाना था और इसी दौरान उसकी पहचान नाबालिग से हुई।

आरोप है कि गुरुवार को आरोपी ने किशोरी को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शुक्रवार को भी उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। शनिवार को आरोपी ने तीसरी बार वारदात की कोशिश की, लेकिन इस बार किशोरी ने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचा दिया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे सीधे महिला थाना पहुंचाकर पुलिस के हवाले कर दिया।

पीड़िता के बयान के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।