रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन अंकुश" के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान नकदी, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुसौर थाना पुलिस ने ग्राम कठली के बड़े तालाब की मेड़ पर चल रहे खुड़खुड़िया (झंडी-मुंडी) जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि दिनेश कुमार चौधरी (35), उमाकांत निषाद (25) और कमलेश निषाद (19) को मौके से पकड़ लिया गया।

नकदी, बाइक और मोबाइल जब्त

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 1,000 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, छह खुड़खुड़िया गोटियां, छह झंडी-मुंडी पट्टियां और एक बांस की टोकरी बरामद की गई। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।

सुनील इस्पात के पास भी दो जुआरी पकड़े गए

इसी अभियान के तहत पूंजीपथरा थाना पुलिस ने 18 जुलाई को सुनील इस्पात, चिराईपानी के पास स्टाइगर जुआ खिलाए जाने की सूचना पर छापेमारी की। इस दौरान पंकज शर्मा (27) और रिषभ बाजपेई (23) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 500 रुपये नकद और तीन स्टाइगर गोटियां बरामद कीं। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन अंकुश के तहत आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।