जगदलपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक युवक को नशीली कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 56 कैप्सूल बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 2,800 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मगडूं कचौरा रोड स्थित गोयल बाड़ी के पास एक युवक नशीली कैप्सूल बिक्री के लिए लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।

पूछताछ में युवक की पहचान डोंगाघाट निवासी संदीप नाग (28) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से दवा के सात पत्तों में कुल 56 कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि युवक इन कैप्सूल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B) के तहत कार्रवाई की गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने कहा है कि नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।