जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर स्थित लालबाग मैदान के पास देसी कट्टा लहराकर लोगों को धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजय राजपूत, निवासी बस्तर के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस और क्राइम टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
2021 में यूपी से खरीदा था हथियार
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने यह हथियार वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से खरीदा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किससे खरीदा गया, सप्लाई का नेटवर्क क्या था और आरोपी के अन्य लोगों से क्या संबंध हैं।
NDPS एक्ट में पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
पुलिस के अनुसार, अजय राजपूत के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। वह करीब एक साल जेल में भी रह चुका है। इसके अलावा, उसके किसी गैंग से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
हथियार के नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि हथियार उत्तर प्रदेश से बस्तर तक कैसे पहुंचा, इसके पीछे और कौन लोग जुड़े हैं और कहीं किसी संगठित नेटवर्क के जरिए हथियारों की सप्लाई तो नहीं हो रही थी।





