मरवाही के जंगल में दिखा दुर्लभ सफेद भालू, ड्राइवर पर किया हमला; वन विभाग ने किया अलर्ट
पेंड्रा। मरवाही वनमंडल के जंगलों में इन दिनों दुर्लभ एल्बिनो (सफेद) भालू के दिखने से लोगों में कौतूहल के साथ डर का माहौल भी है। आमादांड गांव के आसपास सफेद रंग के भालू को देखे जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे देखने पहुंच रहे हैं। कई लोग मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने में जुटे हैं।
जानकारी के मुताबिक, सफेद भालू ने स्थानीय निवासी लल्लू ड्राइवर पर अचानक हमला कर दिया। हमले में उसके हाथों में गंभीर चोट आई है। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहली बार पूरी तरह सफेद रंग का भालू दिखाई दिया है। आमतौर पर यहां काले भालू ही नजर आते हैं। सफेद भालू की खबर सुनकर आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंच रहे हैं।
इधर, वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति भालू के करीब जाने या सेल्फी लेने की कोशिश न करे, क्योंकि जंगली जानवर कभी भी आक्रामक हो सकते हैं।





