तमिलनाडु में विजय सरकार ने जीता फ्लोर टेस्ट, समर्थन में पड़े 144 वोट
चेन्नई। तमिलनाडु की विजय सरकार ने विधानसभा में बहुमत साबित करते हुए फ्लोर टेस्ट जीत लिया। सरकार के पक्ष में 144 विधायकों ने मतदान किया, जबकि विरोध में केवल 22 वोट पड़े। वहीं, मतदान प्रक्रिया के दौरान पांच विधायक सदन से गैरमौजूद रहे।
विधानसभा में हुए शक्ति परीक्षण के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। हालांकि अंत में सरकार ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। फ्लोर टेस्ट के नतीजे सामने आने के बाद सत्तारूढ़ दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह जीत विजय सरकार के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। हाल के दिनों में राजनीतिक अस्थिरता और समर्थन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच यह शक्ति परीक्षण काफी अहम माना जा रहा था।
मुख्यमंत्री विजय ने बहुमत साबित होने के बाद सभी सहयोगी दलों और विधायकों का आभार जताया। वहीं विपक्ष ने सरकार पर राजनीतिक दबाव और जोड़तोड़ के आरोप लगाए हैं। तमिलनाडु की राजनीति में इस घटनाक्रम के बाद नए समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है।





