भिलाई। बीयर की बोतल टूटने को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात थाने तक पहुंच गया और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। मारपीट के मामले में समझौते की बातचीत के लिए दोनों पक्ष छावनी थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां भी विवाद बढ़ गया और थाना परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
जानकारी के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद माहौल गरमा गया। इस दौरान बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष गुरुचरण बग्गा और कैंप मंडल अध्यक्ष राजेश चौधरी के बीच भी तीखी बहस हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और थाना परिसर में धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के बाद कुछ देर तक थाने में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





