भिलाई में युवक की संदिग्ध मौत से हड़कंप, हत्या की आशंका पर लोगों का प्रदर्शन
भिलाई। पुरैना के स्टोर पारा डंप चौक में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी भिलाई पुलिस मौके पर पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय नजरुल सोना निवासी स्टोर पारा डंप चौक, पुरैना के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। गुरुवार सुबह पिता गंगाराम सोना ने बेटे को जगाने की कोशिश की, लेकिन वह मृत मिला।
घटना की जानकारी तत्काल जीआरपी भिलाई थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं मोहल्लेवासी युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





