बाइक धीरे चलाने की नसीहत देना पड़ा भारी, दो युवकों पर लाठी-रॉड से हमला
बिलासपुर। शहर में मामूली बात पर मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला उस समय सामने आया, जब दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे दो युवकों पर कुछ बदमाशों ने लाठी और रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवक तेज रफ्तार और लहराते हुए बाइक चला रहे थे। पीड़ितों ने उन्हें धीरे वाहन चलाने की बात कही। बस इतनी सी बात पर आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने लाठी-डंडे एवं लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।





