लोन दिलाने का झांसा देकर जुटा रहे थे बैंक खाते, दो आरोपी गिरफ्तार
भिलाई। छावनी इलाके में लोगों को लोन दिलाने का लालच देकर उनके बैंक खाते, पासबुक और जरूरी दस्तावेज जुटाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी इन खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश जायसवाल निवासी शारदा पारा कैंप-02 और जावेद अख्तर निवासी मदर टेरेसा नगर कैंप-01 भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक दस्तावेज, पासबुक और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामला थाना छावनी क्षेत्र स्थित बैकुण्ठ धाम आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-25 परिसर का है। यहां आरोपी लोगों को आसान तरीके से लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे बैंक खाते खुलवाते थे या पहले से मौजूद खातों की जानकारी और दस्तावेज हासिल कर लेते थे।
जांच में सामने आया कि इन खातों का उपयोग म्यूल अकाउंट के रूप में किया जा रहा था। ऐसे बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने और ऑनलाइन सट्टेबाजी के लेनदेन में किया जाता है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।





