रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित किए जाने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान और 'तिरंगा यात्रा' को लेकर राज्य सरकार ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने पत्रकार वार्ता में अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस बार बस्तर के कई दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बताया गया।
दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगा 'हर घर तिरंगा' अभियान
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2022 से चल रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को मजबूत करना, युवाओं को संविधान और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ना तथा स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र निर्माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करना है। इस वर्ष प्रदेशभर के 450 से अधिक भाजपा मंडलों, बड़े गांवों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
10 अगस्त से शुरू होगी तिरंगा यात्रा
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 10 अगस्त को रायपुर के मरीन ड्राइव से सुबह 10 बजे तिरंगा यात्रा की शुरुआत होगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी, स्वयंसेवी संस्थाएं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। लोगों से अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराने तथा सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो साझा करने की भी अपील की गई।
बस्तर के कई गांवों में पहली बार फहराया जाएगा तिरंगा
उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि इस वर्ष बीजापुर के 33 गांवों, सुकमा के 50 गांवों और नारायणपुर के 9 गांवों में पहली बार स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उन क्षेत्रों को विकास और राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ना है, जो लंबे समय तक नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे हैं।
बाइक रैली और जनभागीदारी पर रहेगा विशेष जोर
उन्होंने बताया कि बस्तर संभाग में विभिन्न स्थानों पर भव्य बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इनमें युवाओं, स्थानीय नागरिकों और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी रहेगी। पूवर्ती, सिलगेर और दरभा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
शहीदों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम
सरकार और संगठन की ओर से नक्सल उन्मूलन अभियान में शहीद हुए जवानों के परिजनों का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही बस्तर संभाग में 500 से अधिक स्कूलों, चौराहों और सामुदायिक भवनों का नामकरण शहीदों के नाम पर किए जाने की योजना है। इसके अलावा नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
हर गांव में तिरंगा फहराने का लक्ष्य
विजय शर्मा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के प्रत्येक गांव में तिरंगा शान से फहराया जाए। उनका कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा, विकास और जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्रीय एकता को और मजबूत किया जा रहा है तथा स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाया जाएगा।





