फेरीवाले बनकर करते थे सूने मकानों की रेकी, दुर्ग-भिलाई समेत कई शहरों में चोरी का खुलासा; 63.50 लाख का माल बरामद
भिलाई। दुर्ग-भिलाई में दिनदहाड़े हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उत्तरप्रदेश के मेरठ से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना, 3 लाख 50 हजार रुपये नकद समेत कुल 63 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने दुर्ग-भिलाई के अलावा नवा रायपुर, बिलासपुर और जबलपुर में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
नेहरू नगर और दुर्ग क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के साथ सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम मेरठ और दिल्ली पहुंची। मेरठ में पुलिस ने हासीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया।
फेरीवाले बनकर करते थे रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपितों ने बिलासपुर से एक एक्टिवा खरीदी थी। इसी वाहन का उपयोग कर गिरोह दुर्ग-भिलाई की कॉलोनियों में रेकी करता था। आरोपी फेरीवाले बनकर कपड़े और गलीचे बेचने के बहाने घर-घर घूमते थे और सूने मकानों की पहचान करते थे।
पुलिस के अनुसार, बाहर ताला लगे मकानों को चिन्हित करने के बाद गिरोह वारदात को अंजाम देता था। चोरी के दौरान एक आरोपी बाहर निगरानी करता था, जबकि दूसरा घर के भीतर घुसकर जेवर और नकदी पार कर देता था।
मेरठ के ज्वेलर्स को बेचते थे चोरी का सोना
पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी का सोना मेरठ के सलीम ज्वेलर्स को बेचा जाता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्वेलरी दुकान संचालक सलीम खान को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया गया है।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपित
- हासीम खान (24), निवासी श्याम नगर रोड, शालीमार गार्डन गली नंबर-1, मेरठ (उत्तरप्रदेश)
- सलीम खान (28), निवासी शिवालकास, मेरठ (उत्तरप्रदेश)





