भिलाई। जीआरपी भिलाई क्षेत्र के पुरैना स्थित स्टोर पारा डंप चौक में एक युवक का शव घर के भीतर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही गवर्नमेंट रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय नजरुल सोना निवासी स्टोर पारा डंप चौक, पुरैना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। गुरुवार सुबह पिता गंगाराम सोना ने बेटे को जगाने की कोशिश की, लेकिन वह बिस्तर पर मृत मिला।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल जीआरपी भिलाई थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं मोहल्लेवासी युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





