कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मंगलवार, 22 सितंबर को एक तेज रफ्तार यात्री बस ने मेडिकल छात्रा की स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा गोविंदपुर इलाके में हुआ। टक्कर के बाद बस स्कूटी को करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। राहत की बात यह रही कि छात्रा टक्कर लगते ही दूर जा गिरी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

रायपुर जा रही थी दुबे ट्रेवल्स की बस

जानकारी के अनुसार, दुबे ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 EA 4482 जगदलपुर से यात्रियों को लेकर रायपुर की ओर जा रही थी। बस कांकेर के नए बस स्टैंड से दोपहर करीब 2 बजकर 5 मिनट पर रवाना हुई थी। इसके बाद गोविंदपुर क्षेत्र में मेडिकल छात्रा की स्कूटी अचानक बस की चपेट में आ गई।

बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक समय रहते वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। टक्कर के बाद स्कूटी बस के नीचे फंस गई और करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई।

हादसे के बाद मेडिकल छात्रों ने जताया विरोध

घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के छात्र बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। छात्रों ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बस चालक और परिचालक को मौके से हटाया। हादसे के बाद तेज रफ्तार यात्री बसों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।