कोंडागांव। जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर रांधना मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से फरसगांव की ओर जा रहे थे। रांधना मोड़ के पास सामने से गुजर रहे ट्रक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। CCTV फुटेज में बाइक की रफ्तार काफी तेज दिखाई दे रही है। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

वहीं, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और CCTV फुटेज के आधार पर ट्रक तथा चालक की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे और मोड़ वाले क्षेत्रों में नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।