रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के विस्तार को लेकर राज्य सरकार के प्रयासों को नई गति मिलने के संकेत मिले हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की लंबित और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं को जल्द मंजूरी एवं गति देने का आग्रह किया। बैठक में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू तथा राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय भी मौजूद रहे।

बैठक में कटघोरा-डोंगरगढ़ और रावघाट-जगदलपुर समेत उत्तर एवं दक्षिण छत्तीसगढ़ की कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। केंद्रीय रेल मंत्री ने इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के संतुलित और समग्र विकास के लिए मजबूत रेल नेटवर्क बेहद जरूरी है। उनका कहना था कि आधुनिक रेल संपर्क से औद्योगिक, खनिज, कृषि, पर्यटन और जनजातीय क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

बैठक में करीब 295 किलोमीटर लंबी कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेल लाइन पर विशेष सहमति बनी। यह परियोजना रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त उपक्रम (ज्वाइंट वेंचर) के माध्यम से विकसित की जाएगी। इसके लिए विशेष प्रयोजन वाहन (एसपीवी) का गठन किया जाएगा। प्रस्तावित रेल मार्ग कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगा, जिससे कई क्षेत्रों को पहली बार रेल सुविधा मिलेगी।

करीब 140 किलोमीटर लंबी रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और रेलवे की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। रेल मंत्री ने इस परियोजना को भी जल्द आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किमी), धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा (301 किमी) और अंबिकापुर-बरवाडीह (200 किमी) रेल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का भी आग्रह किया। इस पर रेल मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में किरंदुल-कोत्तागुडेम (180 किमी) तथा गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल (बचेली) (490 किमी) नई रेल लाइन परियोजनाओं के सर्वे कार्य में तेजी लाने पर भी सहमति बनी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

बैठक के बाद सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हुई चर्चा बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने बताया कि कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन सहित बस्तर क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में प्रदेश में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार होगा, जिससे रोजगार, उद्योग, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।