अभनपुर। अभनपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए रैक प्वाइंट की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद किए गए निरीक्षण में कई तकनीकी खामियां सामने आने का दावा किया गया है। पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू ने मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि करीब 80 फीट चौड़ा प्लेटफॉर्म कई स्थानों पर धंस गया है। प्लेटफॉर्म पर दरारें दिखाई दे रही हैं, जबकि कुछ जगहों पर रेलवे ट्रैक खिसका हुआ और क्षतिग्रस्त नजर आया। उनका कहना है कि इतनी बड़ी परियोजना में इस तरह की स्थिति निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती है।
बारिश के चलते रैक प्वाइंट की जल निकासी व्यवस्था भी प्रभावित बताई गई। नालियों में पानी भरने और बाहरी हिस्से में जमीन धंसने से आसपास के किसानों के खेतों में मिट्टी बहने की शिकायत सामने आई है। वहीं मरम्मत कार्य के दौरान गिट्टी के उपयोग में भी अनियमितता होने का आरोप लगाया गया।
पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू ने कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही और संभावित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इतने बड़े सार्वजनिक निर्माण कार्य के बावजूद अब तक परियोजना स्थल पर सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया, जिससे पारदर्शिता पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और केंद्रीय रेल मंत्री से की जाएगी तथा निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।





