कवर्धा में देह व्यापार का खुलासा, मकान से तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध हालत में मिले
कवर्धा। शहर में देह व्यापार संचालित होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मकान से तीन युवतियों और एक युवक को संदिग्ध हालत में पकड़ा है। बताया जा रहा है कि पुलिस लापता युवती की तलाश में वहां पहुंची थी, जहां जांच के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि लापता युवती एक किराए के मकान में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके पर पहुंचने पर मकान के अंदर तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पूछताछ के दौरान देह व्यापार संचालित होने की आशंका सामने आई।
पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही मकान मालिक और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। मौके से कुछ आपत्तिजनक सामान और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस धंधे से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।





