भानुप्रतापपुर। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2.855 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 42 हजार 750 रुपये है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

मुखबिर की सूचना पर दी दबिश

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सहकट्टा में गांजे का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इसके बाद एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान आरोपी के घर के पीछे से 2.855 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में सहकट्टा निवासी 39 वर्षीय यशवंत धनेलिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार भानुप्रतापपुर क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर अवैध कारोबार के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले तंबाकू के अवैध कारोबार पर कार्रवाई की गई थी। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।