कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में पिकनिक के दौरान बांडे नदी में बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने उतरे दो बच्चे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। करीब 19 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद अभिजीत विश्वास का शव बरामद कर लिया गया, जबकि साहिल बर्मन की तलाश अब भी जारी है।
इरपनार गांव से पिकनिक मनाने निकले थे 9 बच्चे
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर इरपनार गांव से 9 बच्चे पिकनिक मनाने छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा के पास स्थित करका-बुज गांव के नजदीक बांडे नदी पहुंचे थे।
बच्चों ने पहले नदी किनारे खाना बनाया। इसके बाद वे नहाने के लिए नदी में उतर गए। इसी दौरान अभिजीत विश्वास और साहिल बर्मन गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में बह गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बांदे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश शुरू की गई। बाद में कांकेर से SDRF की टीम को भी बुलाया गया।
SDRF के जवानों ने नदी में अलग-अलग स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया और संभावित बहाव क्षेत्र की जांच की।
करीब 19 घंटे बाद मिला अभिजीत का शव
लगातार तलाश के बाद शुक्रवार सुबह अभिजीत विश्वास का शव नदी से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
साहिल की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी
दूसरे बच्चे साहिल बर्मन का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। SDRF की टीम, पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मिलकर उसकी तलाश कर रहे हैं।
नदी के बहाव को देखते हुए सर्च ऑपरेशन का दायरा आगे के क्षेत्रों तक बढ़ाया गया है।
प्रशासन की टीम रख रही नजर
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। साहिल की तलाश के लिए नदी के आसपास और बहाव वाले संभावित इलाकों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।





