नई दिल्ली/कवर्धा। कबीरधाम संसदीय क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने धवईपानी (छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक फोरलेन सड़क निर्माण, खैरागढ़-कवर्धा मार्ग के चौड़ीकरण और कवर्धा शहर के लिए नए बायपास के निर्माण की मांग रखी।
धवईपानी-सिमगा फोरलेन को बताया जरूरी
सांसद ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के अंतर्गत धवईपानी से कवर्धा और सिमगा तक करीब 125 किलोमीटर लंबा मार्ग दो राज्यों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मालवाहक और यात्री वाहन गुजरते हैं। विशेष रूप से चिल्फी घाटी में अक्सर लंबा जाम लगने से यातायात प्रभावित होता है और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के फोरलेन बनने से यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।
खैरागढ़-कवर्धा मार्ग के चौड़ीकरण की मांग
संतोष पांडेय ने कहा कि कवर्धा-खैरागढ़ सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। यह मार्ग कबीरधाम, खैरागढ़ और राजनांदगांव जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क संकरी होने और कई हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए सड़क एवं अवसंरचना कोष (CRIF) से स्वीकृति देने का आग्रह किया।
कवर्धा बायपास निर्माण पर भी जोर
सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के अंतर्गत कवर्धा शहर में नए बायपास के निर्माण की आवश्यकता भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। उनका कहना था कि बायपास बनने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।
केंद्रीय मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तीनों सड़क परियोजनाओं पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सांसद संतोष पांडेय ने राजनांदगांव-खैरागढ़ तथा राजनांदगांव-डोंगरगढ़ होते हुए मोहला-मानपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए CRIF के तहत स्वीकृति मिलने पर केंद्रीय मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।





