सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस विभाग के एक शासकीय वाहन में अचानक आग लग गई। वाहन में मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
कुम्हाररास कलेक्टर कार्यालय परिसर के पास की घटना
जानकारी के मुताबिक घटना कुम्हाररास स्थित कलेक्टर कार्यालय परिसर के आसपास की है। पुलिस का वाहन जा रहा था, तभी उसमें अचानक धुआं उठने के बाद आग भड़क गई। वाहन में आग फैलती देख उसमें सवार पुलिसकर्मी तुरंत नीचे उतर गए।
देखते ही देखते वाहन को आग ने घेरा
कुछ ही देर में आग ने वाहन के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों के सुरक्षित बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने के कारणों की जांच
वाहन में आग किस वजह से लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





