रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संचालित सहयोग केंद्र का शुक्रवार को अंतिम दिन है। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक सहयोग केंद्र में मौजूद रहेंगे।
इस दौरान मंत्री वर्मा आम नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे। वे लोगों की समस्याएं सुनेंगे और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश भी देंगे। भाजपा का कहना है कि सहयोग केंद्र का उद्देश्य आमजन और संगठन के बीच संवाद को मजबूत बनाना तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
उधर, राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आज रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस कार्यक्रम में 'कोशल फेब' ब्रांड और 'बिलासा' लोगो का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही इन्वेंटरी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर, बुनकर डायरेक्टरी तथा टाई-डाई विषयक पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान 935 मेधावी विद्यार्थियों को 81.83 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। वहीं 17 वरिष्ठ बुनकरों को सम्मान राशि, 8 उत्कृष्ट बुनकरों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार, 49 बुनकरों को आवास निर्माण के लिए 1.22 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता और 5 बुनकर समितियों को भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा 85 बुनकरों को आधुनिक उपकरण, रेशम कृषकों को आर्थिक सहायता, हस्तशिल्पियों को टूल-किट वितरित किए जाएंगे। वहीं जशपुर जिले के गोरिया गांव में ग्लेजिंग यूनिट की स्थापना के लिए 2.86 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की जाएगी।





