तिल्दा-नेवरा, रायपुर। बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बहेसर में बुधवार को विकास कार्यों के लोकार्पण और नई परियोजनाओं की घोषणाओं के साथ उत्साह का माहौल रहा। छत्तीसगढ़ के राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने ग्राम पंचायत बहेसर के माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्र को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद मंत्री का ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने आत्मीय स्वागत किया।
2.70 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण
मंत्री टंकराम वर्मा ने करीब 2 करोड़ 70 लाख 50 हजार रुपये की लागत से तैयार पांच विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें सबसे प्रमुख बहेसर-तुलसी मार्ग है, जिसकी लंबाई 1.525 किलोमीटर है और इसका निर्माण लगभग 2.53 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। इस सड़क से किसानों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाना भी आसान होगा।
इसके अलावा मुक्तिधाम में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, शासकीय प्राथमिक विद्यालय में 2.50 लाख रुपये की लागत से नए शौचालय तथा बाजार चौक में 5 लाख रुपये की लागत से शेड का लोकार्पण भी किया गया।
शिक्षा और सांस्कृतिक विकास के लिए नई घोषणाएं
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने क्षेत्र के लिए 17 लाख रुपये से अधिक की नई विकास घोषणाएं भी कीं।
इनमें हाई स्कूल में 5 लाख रुपये की लागत से साइकिल स्टैंड शेड, प्राथमिक विद्यालय में दो अतिरिक्त कक्ष, मिडिल स्कूल में 7 लाख रुपये की लागत से आधुनिक शौचालय तथा गांव में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 5 लाख रुपये की लागत से रंगमंच निर्माण की घोषणा शामिल है।
विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय करना सफलता की पहली शर्त है। उन्होंने बच्चों से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया तथा कहा कि शिक्षा के माध्यम से वे अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।
जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार
कार्यक्रम को सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है तथा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विकाश सुखवानी, जनपद सदस्य नरसिंह वर्मा, भाजपा तिल्दा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नरसिंह वर्मा, शहर मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद, मंडल महामंत्री टेकराम यादव, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





