बीजापुर में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, जंगल में मिला माओवादियों का बंकर
बीजापुर। जिले के थाना गंगालूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोडीतुमनार के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादियों के एक गुप्त बंकर का पता लगाते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डोडीतुमनार के पटेलपारा पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों ने बड़ी मात्रा में सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन सर्चिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान जवानों को जंगल के भीतर जमीन के अंदर छिपाकर बनाया गया एक बंकर मिला। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पहले इलाके की जांच और डिमाइनिंग प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद बंकर की तलाशी लेने पर वहां से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और नक्सली उपयोग के अन्य उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सामग्री का इस्तेमाल माओवादी संगठन बड़ी वारदातों को अंजाम देने के लिए कर सकते थे। सुरक्षाबलों की सतर्कता से एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई। इलाके में अभी भी सर्चिंग अभियान जारी है और आसपास के जंगलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।





