रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुरू हुई। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जा रही है।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश कर रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री अजय जम्वाल भी मौजूद हैं।
बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए हैं। इनमें भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, वरिष्ठ नेता लता उसेंडी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और सरकार तथा संगठन के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है। इसके अलावा आगामी चुनावों और पार्टी के जनसंपर्क अभियानों की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन ही आगामी राजनीतिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश स्तर के सभी प्रमुख पदाधिकारियों के साथ यह बैठक आयोजित की गई है, जिसमें संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
बैठक के दौरान लिए गए निर्णयों और आगामी कार्ययोजना की घोषणा आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से की जा सकती है।





