रायपुर। जल जीवन मिशन (JJM) के तहत किए गए कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित रहने से नाराज छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन शुक्रवार को विधानसभा घेराव करेगा। संगठन के अनुसार प्रदेशभर से करीब 800 ठेकेदार रायपुर पहुंचेंगे। सभी पहले तूता धरना स्थल पर एकत्र होंगे, जिसके बाद विधानसभा की ओर मार्च निकालेंगे।
2200 करोड़ रुपये का भुगतान अटका
एसोसिएशन का दावा है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन की "हर घर जल" योजना में कार्य करने वाले ठेकेदारों का लगभग 2200 करोड़ रुपये का भुगतान पिछले ढाई वर्षों से लंबित है। भुगतान नहीं मिलने से ठेकेदारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
इससे पहले भी ठेकेदारों ने अपनी मांगों को लेकर नीर भवन का घेराव कर विरोध दर्ज कराया था, लेकिन समाधान नहीं निकलने पर अब विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया है।
ये हैं प्रमुख मांगें
एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश जोशी ने कहा कि विभाग द्वारा अनुबंध की शर्तों से अलग नए नियम लागू किए जा रहे हैं, जिससे कार्य करने में कठिनाइयां बढ़ गई हैं। उन्होंने लंबित भुगतान जल्द जारी करने और अतिरिक्त शर्तों को वापस लेने की मांग की।
संगठन के अनुसार प्रदेशभर में जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों के करीब 2200 करोड़ रुपये के बिल लंबित हैं। इसी मुद्दे को लेकर आज होने वाले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ठेकेदार शामिल होंगे।





