बस्तर में ‘विजय उत्सव’ की भव्य तैयारी: माओवाद पर बड़ी जीत के बाद पहली बार पहुंचेंगे अमित शाह, 4 राज्यों के मुख्यमंत्री भी रहेंगे मौजूद
रायपुर। बस्तर को माओवादी हिंसा से मुक्त करने के अभियान में मिली बड़ी सफलता के बाद केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah पहली बार बस्तर दौरे पर आ रहे हैं। उनके 18 और 19 मई के प्रस्तावित दो दिवसीय प्रवास को भारतीय जनता पार्टी ‘विजय उत्सव’ के रूप में मनाने की तैयारी कर रही है। पार्टी संगठन इस दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जुट गया है।
इसी सिलसिले में रायपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Kiran Singh Deo और कैबिनेट मंत्री Kedar Kashyap की मौजूदगी में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में गृह मंत्री के भव्य स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि बस्तर में माओवाद के खिलाफ मिली सफलता के बाद केंद्रीय गृह मंत्री का यह पहला दौरा बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस विशेष अवसर पर देश के चार राज्यों के मुख्यमंत्री भी बस्तर पहुंचेंगे और कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भाजपा संगठन की ओर से सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में गृह मंत्री के दौरे को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है और जगह-जगह स्वागत की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।





