रायपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता शिव डहरिया ने विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पीएससी घोटाले के नाम पर जनता के बीच भ्रम फैलाया गया, जबकि अब सरकार छात्रों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने में नाकाम साबित हो रही है।

दिल्ली में छात्रों के आंदोलन और पेपर लीक के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए डहरिया ने कहा कि देशभर में छात्र सड़कों पर हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को सुनने के बजाय आंदोलन को दबाने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां से परीक्षा प्रश्नपत्र तैयार किए जाते हैं, वहीं से पेपर लीक हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।


छात्रों के आंदोलन पर सरकार को घेरा

पूर्व मंत्री ने कहा कि केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के कई हिस्सों में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। रायपुर में भी छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है।

जलभराव को लेकर सरकार पर निशाना

रायपुर और बिलासपुर में हुई जलभराव की स्थिति पर डहरिया ने कहा कि नगरीय निकायों की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उनका दावा था कि पहले ऐसी स्थिति नहीं बनती थी और यदि कहीं समस्या होती थी तो तत्काल उसका समाधान किया जाता था। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की न्यायधानी बिलासपुर में सड़कों पर वाहन डूब रहे हैं, जो सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।


शिक्षकों की कमी और अतिथि शिक्षकों के प्रदर्शन का मुद्दा उठाया

दुर्ग में शिक्षा मंत्री के बंगले के बाहर अतिथि शिक्षकों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए डहरिया ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों की भारी कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों स्कूल बंद किए जाने के बावजूद पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। उनका कहना था कि शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है और अतिथि शिक्षक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है।


भाजपा में गुटबाजी का आरोप

भाजपा की बैठक पर टिप्पणी करते हुए शिव डहरिया ने कहा कि पार्टी के भीतर गुटबाजी चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री स्वतंत्र रूप से काम करने की स्थिति में नहीं हैं और सरकार "रिमोट कंट्रोल" से चल रही है। साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।

डहरिया ने कहा कि विधानसभा में केवल बयानबाजी से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है और आम लोगों के काम प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि यदि सरकार ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया तो जनता इसका जवाब आने वाले समय में देगी।