गरियाबंद। छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा गरियाबंद जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल 3 अगस्त को एक दिवसीय प्रवास पर गरियाबंद पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:30 बजे जिले में पहुंचेंगे और विभिन्न प्रशासनिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

दौरे के दौरान मंत्री दोपहर 1:00 बजे से 1:45 बजे तक कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित जीवनदीप समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद वे जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल होकर विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।

बैठक के बाद मंत्री दयालदास बघेल बाबा भुतेश्वरनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। सभी निर्धारित कार्यक्रमों के बाद वे नवा रायपुर के लिए रवाना होंगे।

मंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।