धमतरी। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शराबबंदी के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। धमतरी में आयोजित युवा नशा मुक्ति अभियान के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के समय गंगाजल हाथ में लेकर प्रदेश में शराबबंदी लागू करने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में रहने के बावजूद उसे पूरा नहीं किया।
धमतरी के मराठा मंगल भवन में आयोजित एक दिवसीय युवा नशा मुक्ति कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और देशभर के युवाओं से नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान जब प्रदेश में शराबबंदी को लेकर सवाल पूछा गया, तब मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी वादों के बावजूद कांग्रेस सरकार अपने कार्यकाल में शराबबंदी लागू नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों को निभाना किसी भी सरकार की जिम्मेदारी होती है।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले 100 रविवार तक विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू करने जा रहे हैं, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकाला जा सके।
ओपी चौधरी के इस बयान के बाद प्रदेश में शराबबंदी और चुनावी वादों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।





