रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को NEET परीक्षा विवाद, यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC), स्मार्ट मीटर, विकास कार्य, CAG रिपोर्ट और कांग्रेस के आरोपों को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों के बजाय भ्रम फैलाने और सरकार को बदनाम करने की राजनीति कर रही है।
NEET विवाद पर बोले- सरकार ने तुरंत कार्रवाई की
NEET परीक्षा विवाद और युवाओं के प्रदर्शन पर उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि सरकार ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोबारा परीक्षा आयोजित कराई। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार की छवि खराब करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने मंसूबों में सफल नहीं होगा।
UCC से आदिवासी समाज को कोई नुकसान नहीं होगा
यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर कांग्रेस द्वारा आदिवासी समाज के हित प्रभावित होने के आरोपों पर अरुण साव ने कहा कि सरकार कई बार स्पष्ट कर चुकी है कि आदिवासी समाज को इससे किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना के अनुरूप प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित समिति लोगों से सुझाव लेकर सरकार को अपना प्रारूप सौंपेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
स्मार्ट मीटर पर कांग्रेस कर रही राजनीति
बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट मीटर आधुनिक तकनीक का हिस्सा हैं। कांग्रेस बिना वजह इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है, जबकि सरकार नई तकनीक के जरिए बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है।
विकास कार्यों में भेदभाव के आरोपों को बताया निराधार
विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि नहीं मिलने के आरोपों पर अरुण साव ने कहा कि भाजपा की राजनीति विकास केंद्रित है, जबकि कांग्रेस हमेशा विकास के मुद्दे पर राजनीति करती रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरे छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए काम कर रही है और किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है।
'कांग्रेस सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रही'
संसद में सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई ठोस तथ्य पेश नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल प्रदेश सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है, जबकि राज्य में सुशासन की सरकार काम कर रही है।
भूपेश-टीएस पर भी कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के साथ आने के सवाल पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस में कब मतभेद होगा और कब मेल-मिलाप, यह कोई नहीं जानता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न स्पष्ट नीति है, न नीयत और न ही नेतृत्व।
CAG रिपोर्ट को लेकर भी कांग्रेस पर हमला
स्थानीय निकायों से जुड़ी CAG रिपोर्ट का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल की स्थिति जनता अच्छी तरह देख चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को न जनता की चिंता थी और न ही प्रदेश के विकास की। उनकी राजनीति केवल परिवार और सत्ता तक सीमित रही।





