खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ क्षेत्र में कांग्रेस को राजनीतिक झटका लगा है। ग्राम पंचायत गातापार जंगल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के 10 कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं केसीजी जिला प्रभारी नलिनीश ठोकने की मौजूदगी में सभी कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विक्रांत सिंह ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं को गमछा पहनाकर और तिलक लगाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर आधारित संगठन है, जहां सभी को समान सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा और संगठन की कार्यशैली की जानकारी भी साझा की।

विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्य किए गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचा रही है।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने और संगठन के प्रति पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य चम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. विशेसर साहू, टीके चंदेल, दिनेश वर्मा, गोरेलाल वर्मा, टोमेश साहू, संजय यदु, कमलेश भदौरिया, नरोत्तम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।