रायगढ़। छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारे से दुखद खबर सामने आई है। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक विद्यावती सिदार के पति कुंजबिहारी सिदार का निधन हो गया। उनका रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, समर्थकों और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।

आज कुंजेमुरा गांव में होगा अंतिम संस्कार

जानकारी के अनुसार, कुंजबिहारी सिदार का अंतिम संस्कार आज उनके गृह ग्राम कुंजेमुरा में किया जाएगा। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में शोक है।

कुंजबिहारी सिदार राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता प्रेम सिंह सिदार लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं। कुंजबिहारी सिदार के परिवार में पुत्र अभिषेक सिदार और पुत्री प्रेरणा सिदार हैं।

राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं विद्यावती सिदार

कांग्रेस विधायक विद्यावती सिदार भी लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। वह जनपद सदस्य रह चुकी हैं और जिला महिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।

वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में विद्यावती सिदार कांग्रेस से टिकट की प्रमुख दावेदारों में शामिल थीं। हालांकि, उस चुनाव में पार्टी ने चक्रधर सिंह सिदार को उम्मीदवार बनाया था। इसके बाद वर्ष 2020 में उन्होंने जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) का चुनाव भी लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद वह क्षेत्र और पार्टी के कार्यक्रमों में लगातार सक्रिय रहीं।

4,176 वोटों से जीता था विधानसभा चुनाव

पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लैलूंगा सीट से महिला उम्मीदवार सुनीति राठिया को मैदान में उतारा था। इसके जवाब में कांग्रेस ने विद्यावती सिदार पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया। चुनाव में विद्यावती सिदार ने सुनीति राठिया को 4,176 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की और लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुईं।