रायपुर। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के छत्तीसगढ़ सरकार को लेकर दिए गए ‘हाईजैक’ वाले बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। अब कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने संजय सिंह के बयान का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रदेश सरकार को ‘कठपुतली सरकार’ बताते हुए आरोप लगाया कि नीतियां केंद्र में तय होती हैं और छत्तीसगढ़ में केवल उनका क्रियान्वयन किया जाता है।

अटल श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में उद्योगपतियों के हितों को ध्यान में रखकर फैसले लिए जा रहे हैं और उसी के अनुरूप विधेयक भी पारित किए जा रहे हैं। उनके इस बयान के बाद राज्य में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में दरार को लेकर साधा निशाना

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में दरार आने के मामले को लेकर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की स्थिति ऐसी है कि भाजपा अपने ही वरिष्ठ नेता की प्रतिमा के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं कर पा रही है।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी को छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण का श्रेय दिया जाता है, लेकिन भाजपा अपने ही पितृ पुरुष का उचित सम्मान नहीं कर पा रही है। उन्होंने प्रतिमा निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए।

तिरंगा यात्रा पर बोले- भाजपा सिर्फ प्रोपेगेंडा करना चाहती है

बस्तर में आयोजित तिरंगा यात्रा अभियान को लेकर भी अटल श्रीवास्तव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बस्तर में पहले से ही तिरंगा फहराया जाता रहा है। पहले जगदलपुर एक जिला हुआ करता था, जबकि आज बस्तर संभाग में सात जिले हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा तिरंगा यात्रा के जरिए केवल प्रचार करना चाहती है। उनके मुताबिक बस्तर में राजनीतिक प्रचार से अधिक जरूरत विकास के मुद्दों पर ध्यान देने की है।

‘अगले 20 साल बस्तर में सिर्फ विकास पर हो फोकस’

अटल श्रीवास्तव ने बस्तर के विकास को लेकर कहा कि आने वाले 20 वर्षों तक क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने बस्तर में अधिक अस्पताल और स्कूल खोलने की जरूरत बताई।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगले 20 वर्षों तक बस्तर में किसी तरह का खनन नहीं होना चाहिए। श्रीवास्तव ने कहा कि यदि इस संबंध में कोई प्रस्ताव लाया जाता है तो वह उसका समर्थन करेंगे।