रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव में 85 प्रभावित परिवारों के मकान ढहाए जाने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने 'न्याय पदयात्रा' निकालकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में शुरू हुई यह पदयात्रा नकटी गांव से राजभवन (लोकभवन) के लिए रवाना हुई, जिसमें प्रभावित परिवारों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस के विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग करेगा।
करीब 13 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा नकटी गांव से शुरू होकर पीटीएस चौक, माना, फुंडहर चौक, श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर), तेलीबांधा और गौरव पथ होते हुए राजभवन पहुंचेगी। कांग्रेस का आरोप है कि नकटी गांव के 85 प्रभावित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। पार्टी ने मांग की है कि प्रत्येक परिवार को नकटी गांव में ही 2,000 वर्गफीट भूमि आवंटित कर बसाया जाए और मकान ढहाए जाने से हुए नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा दिया जाए।
हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट ठुकराए, गांव में ही बसाने की मांग
प्रभावित परिवारों ने प्रशासन की ओर से सेक्टर-30 स्थित हाउसिंग बोर्ड के चौथी मंजिल के फ्लैटों में दिए जा रहे अस्थायी आवास को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि वे अपने पैतृक गांव में ही पुनर्वास चाहते हैं। फिलहाल सभी परिवार गांव में टेंट और टीन शेड में रहकर गुजर-बसर कर रहे हैं।
पदयात्रा के दौरान दीपक बैज के पैर में आई मोच
पदयात्रा शुरू होने के कुछ देर बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के पैर में मोच आ गई। चोट के कारण वे आगे पैदल नहीं चल सके। इसके बाद वे कार में सवार होकर पदयात्रा के साथ आगे बढ़ते रहे, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रभावित ग्रामीणों ने यात्रा जारी रखी।
भारी पुलिस बल तैनात, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
पदयात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। संभावित भीड़ को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक यातायात का दबाव अधिक रहने की जानकारी दी है। इस दौरान सर्विस रोड बंद रहेगी तथा महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों को मुख्य मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।





