रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में योजना की निर्धारित सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी।

इसी दिन राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ‘कोशल फेब’ ब्रांड और ‘बिलासा’ लोगो का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही इन्वेंटरी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर, बुनकर डायरेक्टरी तथा टाई-डाई कला पर आधारित पुस्तक का भी लोकार्पण किया जाएगा।

समारोह के दौरान 935 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 81.83 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं 17 वरिष्ठ बुनकरों को सम्मानित किया जाएगा और 8 उत्कृष्ट बुनकरों को एक-एक लाख रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।

इसके अलावा 49 बुनकरों को आवास निर्माण के लिए 1.22 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता स्वीकृत की जाएगी, जबकि 5 बुनकर सहकारी समितियों को भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये की मंजूरी दी जाएगी।

कार्यक्रम में 85 बुनकरों को आधुनिक उपकरण वितरित किए जाएंगे। साथ ही रेशम कृषकों को आर्थिक सहायता, हस्तशिल्पियों को टूल-किट उपलब्ध कराई जाएगी। जशपुर जिले के गोरिया गांव में ग्लेजिंग यूनिट की स्थापना के लिए 2.86 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मुख्यमंत्री प्रदान करेंगे।