रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में यूसीसी लागू करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक के बाद प्रस्तावित कानून को आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में पेश किया जाएगा।
कर्नाटक दौरे पर रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समिति अपनी रिपोर्ट और सुझावों पर अंतिम मंथन कर रही है। इसके बाद सरकार विधानसभा के शीतकालीन सत्र में यूसीसी से संबंधित विधेयक पेश करेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के हालिया प्रदर्शन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपने कर्नाटक दौरे को लेकर मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वह सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से भी उनकी मुलाकात होगी और कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।





