रायपुर। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के छत्तीसगढ़ सरकार को केंद्र द्वारा ‘हाईजैक’ किए जाने के आरोप को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिरे से खारिज किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी कोई स्थिति नहीं है। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है और पिछले ढाई वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘मोदी की गारंटी’ के तहत किए गए वादों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने संजय सिंह के बयान के साथ E20 पेट्रोल, केंद्र सरकार की नीतियों और बस्तर में तिरंगा फहराने जैसे मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया दी।


संजय सिंह के आरोप पर CM साय का जवाब

संजय सिंह के बयान पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है और किसानों से किए गए वादों को भी पूरा किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में हर क्षेत्र में विकास हो रहा है और सरकार जनहित से जुड़े कामों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है।


केजरीवाल के बयान पर भी किया पलटवार

E20 पेट्रोल को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के बयान पर भी मुख्यमंत्री साय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

साय ने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने आर्थिक क्षेत्र सहित कई क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है। उन्होंने दावा किया कि देश दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में ऊपर आया है और केंद्र सरकार नए भारत के निर्माण की दिशा में काम कर रही है।


FCRA संशोधन विधेयक का किया स्वागत

संसद में प्रस्तावित ‘विदेशी योगदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026’ से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने इसका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम से देश को लाभ मिलेगा।


बस्तर में तिरंगा: कांग्रेस पर साधा निशाना

बस्तर के कई गांवों में पहली बार तिरंगा फहराए जाने को कांग्रेस द्वारा कथित तौर पर ‘प्रोपेगेंडा’ बताए जाने पर मुख्यमंत्री साय ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर चार दशक से अधिक समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। ऐसे में जिन इलाकों में परिस्थितियां बदली हैं, वहां तिरंगा फहराया जाना खुशी की बात होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इस बार बस्तर के 90 से अधिक गांवों में तिरंगा फहराया जाएगा।

साय ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास का विस्तार प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इसे राजनीतिक विवाद का विषय बनाने के बजाय सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जाना चाहिए।