रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और विधायक अनुज शर्मा तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में चालक को चाबी सौंपी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को बिना देरी इलाज मिल सके।

उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज के लिए शुरुआती कुछ मिनट बेहद अहम होते हैं। समय पर अस्पताल पहुंचने से कई गंभीर मामलों में जान बचाई जा सकती है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह नई एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, गंभीर मरीजों और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। अस्पतालों का उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, दवाइयों की आसान उपलब्धता और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

इस अवसर पर धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से आधुनिक एम्बुलेंस की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसे देखते हुए जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से करीब 19.65 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरसींवा को सौंपा गया है, जहां से इसका संचालन किया जाएगा। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और गंभीर मरीजों को रेफरल अस्पतालों तक सुरक्षित व समय पर पहुंचाने में मदद करेगी।

धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लिए शुरू की गई यह सुविधा स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सहायता पहले से अधिक तेज और प्रभावी तरीके से मिल सकेगी।