रायपुर। छत्तीसगढ़ में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर मंगलवार को राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संत रविदास के सम्मान में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब से माघ पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश में सरकारी अवकाश रहेगा। साथ ही इस दिन पूरे राज्य में मद्य (शराब) की बिक्री बंद रखी जाएगी।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार के राज्य अलंकरण पुरस्कारों में संत रविदास के नाम पर एक नया सम्मान स्थापित किया जाएगा, ताकि समाज में उनके विचारों और योगदान को व्यापक पहचान मिल सके।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि नवा रायपुर के एक प्रमुख चौक का नाम भी संत रविदास के नाम पर रखा जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि संत रविदास के प्रेरणादायी संदेश को छत्तीसगढ़ विधानसभा में अंकित कराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला फरवरी 2027 तक जारी रहेगी। इस दौरान प्रदेशभर में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि संत रविदास के समता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।