रायपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन की गतिविधियों, सरकार की प्राथमिकताओं और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर साझा की। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनहित के संकल्प को आम लोगों तक और प्रभावी तरीके से पहुंचाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई, ताकि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने इस मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए कहा कि जनता के हित से जुड़े विषयों पर आगे भी मिलकर काम किया जाएगा।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब भाजपा संगठन और सरकार के बीच तालमेल को और मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार बैठकों और संवाद का सिलसिला जारी है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों और विकास कार्यों को लेकर भी इसी तरह समन्वय पर विशेष जोर दिया जाएगा।